जिलाधिकारी सविन बंसल ने सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में विभिन्न जन समस्याओं की सुनवाई की। कार्यक्रम में भूमि विवाद, घरेलू हिंसा, पेंशन, आर्थिक सहायता और आपदा से जुड़े 151 प्रकरण सामने आए।
डीएम ने अधिकतर मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया और अधिकारियों को जन शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
अधोईवाला निवासी सुशीला देवी की निजी भूमि पर किराया न देने के बावजूद लगे मोबाइल टावर को लेकर डीएम ने टावर सीज करने के आदेश दिए।
माजरीमाफी निवासी दिव्यकांत लखेडा द्वारा मोहल्ले में उपद्रव करने की शिकायत पर गुंडा एक्ट में मुकदमा दर्ज कर फास्ट ट्रैक सुनवाई के निर्देश दिए गए।
बुड्डी गांव के बाबूलाल को फरवरी के बाद न मिली वृद्धावस्था पेंशन के भुगतान का आदेश समाज कल्याण अधिकारी को दिया गया।
किडनी और कैंसर पीड़ित दो मरीजों के लिए नि:शुल्क इलाज व आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई।
डेन्डो देवी का आधार कार्ड न बन पाने पर डीएम ने तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए।
सीमांत क्षेत्र कथियान में नेटवर्क दिक्कत पर बीएसएनएल टावर लगाने का प्रस्ताव तैयार करने के आदेश दिए गए।
जौली–थानों रूट पर बस सेवा बंद होने की शिकायत पर परिवहन निगम को संचालन पुनः शुरू करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, एसडीएमए स्मृता परमार, एसडीएम कुमकुम जोशी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



