विकासखंड डुंडा, तहसील धौंतरी गाजणा पट्टी स्थित स्व.कामरेड कमलराम नौटियाल पी.एम. श्री राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज धौंतरी में पुरातन छात्र मिलन सम्मेलन एवं वार्षिक उत्सव 2026 का आयोजन गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। 18 फरवरी बुधवार को संपन्न हुए इस कार्यक्रम मे विद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राएं, जो वर्तमान में सार्वजनिक जीवन, सामाजिक, राजनीतिक एवं राजकीय सेवाओं में उच्च पदों पर आसीन हैं, बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य गाजणा प्रियंका रावत, पूर्व प्रधानाचार्य सरस्वती विद्या मंदिर एवं आरएसएस समाजसेवी मोहनलाल बहुगुणा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी, ग्राम प्रधान धोन्तरी, विशेष प्रतिनिधि कुशालानंद बहुगुणा, विद्यालय सेवित क्षेत्र के क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा ग्राम प्रधान धौंतरी, सिरी, दिखोली, भेटियारा, लोदाडा, चौंडियाट गांव और सौड़ , सौंदी सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ विद्या की देवी मां शारदे के पावन विग्रह पर दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का तिलक-रोली एवं चंदन से अभिनंदन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री शांति प्रसाद नौटियाल ने मुख्य अतिथि एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
प्रधानाचार्य नौटियाल ने अपने वार्षिक प्रतिवेदन में बताया कि विद्यालय ने इस शैक्षिक सत्र में खेलकूद, एनएसएस, स्काउट-गाइड, विज्ञान गतिविधियों एवं सामाजिक सरोकारों में विशिष्ट उपलब्धियां प्राप्त की हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। सम्मेलन में पहुंचे पूर्व छात्रों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने विद्यालय की प्रगति एवं उपलब्धियों की मुक्त कंठ से सराहना की।कार्यक्रम की सफलता में शिक्षक-शिक्षिकाओं, पुरातन छात्रों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षक-अभिभावक संघ एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों एवं पूर्व छात्रों ने विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विशेष सहयोग शिक्षक-अभिभावक संघ के अध्यक्ष रमेश सोंदाल, एसएमसी अध्यक्ष आनंद स्वरूप एवं संरक्षक चंदन सिंह राणा का रहा। कार्यक्रम में राजकीय शिक्षक संघ उत्तरकाशी इकाई के जिला शाखा मंत्री बलवंत असवाल, डुंडा ब्लॉक अध्यक्ष राजवीर रांगड़ एवं मंत्री दीपक चौहान भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन विज्ञान शिक्षक डॉ. शंभू नौटियाल एवं संस्कृत प्रवक्ता डॉ. राजेश पनियाल ने संयुक्त रूप से किया।
समारोह के अंत में प्रधानाचार्य नौटियाल ने सभी आगंतुकों का कार्यक्रम में सहभागिता हेतु हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।



