देहरादून/उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार को सचिव लोक निर्माण डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों के मद्देनज़र उत्तरकाशी–भटवाड़ी–हर्षिल–गंगोत्री मार्ग पर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-34 के निर्माणाधीन एवं मरम्मत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सचिव लोक निर्माण ने Border Roads Organisation (बीआरओ) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि 15 अप्रैल 2026 तक एनएच-34 को पूर्ण रूप से दुरुस्त किया जाए। उन्होंने यात्रा मार्ग से मलबा हटाने, सभी संवेदनशील एवं भूस्खलन (लैंडस्लाइड) क्षेत्रों में आवश्यक कटिंग कर सड़क की चौड़ाई बढ़ाने तथा हॉट मिक्स के माध्यम से सड़क की राइडिंग क्वालिटी सुधारने के निर्देश दिए।

डॉ. पांडेय ने स्वाड़ी-गाड में निर्माणाधीन 85 मीटर स्पान स्टील सेतु के कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व स्टील गर्डर सेतु की लॉन्चिंग, डेक स्लैब का निर्माण तथा एप्रोच रोड का कार्य पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार का संकल्प है कि चारधाम यात्रा से संबंधित सभी परियोजनाएं प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं।
सचिव लोक निर्माण ने मुखवा से धराली तक पैदल मार्ग एवं पैदल सेतु का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान धराली क्षेत्र में पूर्व में आई भीषण दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त पैदल सेतु की मरम्मत कार्य प्रारंभ न होने तथा धराली और हर्षिल के बीच दो स्थानों पर क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय राजमार्ग के पुनर्निर्माण कार्य में विलंब पर उन्होंने असंतोष व्यक्त किया। संबंधित अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि विलंब की स्थिति में उत्तरदायित्व तय कर कार्रवाई की जाएगी।
बीआरओ एवं विभागीय अधिकारियों ने अवगत कराया कि चारधाम यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व संबंधित स्थलों पर हॉट मिक्स कार्य कराते हुए सड़क की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान इंजीनियर रणजीत सिंह, इंजीनियर विजय कुमार, इंजीनियर नवीन लाल, इंजीनियर कैलाश चंद्र नौटियाल, मेजर संतोष कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



