देहरादून,
मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में देहरादून जिला प्रशासन द्वारा डिजिटल शिक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में जनपद के 168 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में “प्रोजेक्ट उत्कर्ष” के तहत स्मार्ट शिक्षण व्यवस्था लागू की जा रही है।
इस परियोजना के अंतर्गत सभी चयनित विद्यालयों में कुल 884 स्मार्ट टीवी स्थापित किए जा रहे हैं, जिनकी अनुमानित लागत लगभग 3.67 करोड़ रुपये है। स्मार्ट टीवी की आपूर्ति पूरी हो चुकी है तथा वर्तमान में इंस्टॉलेशन का कार्य तेजी से प्रगति पर है।
स्मार्ट टीवी के माध्यम से कक्षाओं में अब ऑडियो-वीडियो आधारित शिक्षण, ई-लर्निंग मॉड्यूल और डिजिटल पाठ्य सामग्री का प्रभावी उपयोग किया जाएगा। इससे शिक्षण प्रक्रिया अधिक रोचक, इंटरैक्टिव और सहभागितापूर्ण बनेगी। विद्यार्थियों को DIKSHA Portal, PM eVidya, शैक्षिक वीडियो और वर्चुअल कक्षाओं जैसी आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा, जिससे उनकी समझ और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद है।
परियोजना के तहत विद्यालयों की आवश्यकता के अनुसार 43 इंच और 55 इंच के स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराए गए हैं। इस योजना के लिए वित्तीय संसाधन जिला खनन न्यास (DMF) से उपलब्ध कराए गए हैं। इससे पूर्व भी जिला प्रशासन द्वारा लगभग 5 करोड़ रुपये के सीएसआर फंड से सभी सरकारी विद्यालयों को फर्नीचर उपलब्ध कराया जा चुका है।
स्मार्ट टीवी की खरीद Government e-Marketplace (GeM) के माध्यम से ई-टेंडर प्रक्रिया के तहत पूर्ण पारदर्शिता के साथ की गई। निविदा प्रक्रिया में 12 फर्मों ने भाग लिया, जिनमें तकनीकी एवं वित्तीय मूल्यांकन के बाद न्यूनतम दर वाली पात्र फर्म का चयन किया गया।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि जिला प्रशासन विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी संसाधनों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शीघ्र ही सभी विद्यालयों में डिजिटल शिक्षण सुविधाएं पूर्ण रूप से उपलब्ध हो जाएंगी। यह पहल National Education Policy (NEP) के अनुरूप तकनीक-सक्षम शिक्षण वातावरण विकसित करने में भी सहायक सिद्ध होगी।



