भिक्षावृत्ति व बालश्रम से मुक्त कराए गए बच्चों के साथ केक काट साझा की खुशियां
जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल के पुत्र मास्टर सनव बंसल ने आज अपना 8वां जन्मदिन आधुनिक इंटेंसिव केयर सेंटर साधुराम में बच्चों के साथ मनाया। इस दौरान सेंटर में रह रहे बालश्रम एवं भिक्षावृत्ति से रेस्क्यू किए गए बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
डीएम की धर्मपत्नी सुरभि बंसल अपने दोनों बच्चों, सनव और सिविक, के साथ सेंटर पहुंचीं। मास्टर सनव ने बच्चों के साथ केक काटा और सभी के संग मिलकर खुशियां साझा कीं। बच्चों की ओर से कागज़ से बना एक सुन्दर गुलदस्ता भी सनव को भेंट किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों और सनव के बीच खूब मस्ती हुई, जिससे केंद्र में गर्मजोशी और उल्लास का माहौल बना रहा। जिलाधिकारी सविन बंसल ने अपने पुत्र का जन्मदिन जरूरतमंद बच्चों संग मनाकर सामाजिक असमानता की खाई पाटने का संदेश दिया।
सेंटर के बच्चों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने मास्टर सनव को जन्मदिन की बधाइयाँ दीं और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में प्रशासन का प्रयास
आधुनिक इंटेंसिव केयर सेंटर में भिक्षावृत्ति और बालश्रम की स्थितियों से मुक्त कराए गए बच्चों को सुरक्षित वातावरण के साथ-साथ शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। यहाँ बच्चों की काउंसलिंग, अध्ययन, व्यक्तित्व विकास और जीवन कौशल से संबंधित गतिविधियाँ नियमित रूप से कराई जाती हैं।

अब तक 103 बच्चों को मुख्यधारा में लाते हुए स्कूल में दाखिला दिलाया जा चुका है, जबकि 50 बच्चे दाखिले के लिए तैयार हैं, जिन्हें शीघ्र ही स्कूल भेजा जाएगा।
सेंटर में योग, संगीत, खेल और अन्य क्रिएटिव गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को न सिर्फ शिक्षा से जोड़ा जा रहा है बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ाया जा रहा है। जिला प्रशासन का यह प्रयास दर्शाता है कि संवेदनशीलता और सहयोग की भावना से बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव अवश्य लाया जा सकता है।



