राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह की श्रृंखला में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सविन बंसल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने मंगलवार को पुलिस लाइन रेसकोर्स पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने आगामी पुलिस रैतिक परेड एवं 8 नवम्बर को होने वाले मुख्य समारोह की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान डीएम सविन बंसल ने मंच, बैठक व्यवस्था, साउंड सिस्टम, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग स्थल तथा आमंत्रित अतिथियों के स्वागत आदि की तैयारियों की विस्तृत जानकारी संबंधित अधिकारियों से प्राप्त की।
उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने के लिए सभी विभाग अपनी तैयारियां समय पर पूर्ण करें।
डीएम ने कहा कि आयोजन स्थल पर स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि कार्यक्रम सुचारू एवं गरिमामय ढंग से संपन्न हो।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने पुलिस बल की ड्यूटी, परेड रिहर्सल और सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन में आकर्षक पुलिस परेड का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राज्य पुलिस की विभिन्न इकाइयों के जवान भाग लेंगे।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जया बलूनी, उप जिलाधिकारी (सदर) हरी गिरी, उप जिलाधिकारी अपूर्वा सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



