राजेन्द्र सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय, बड़कोट की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारम्भ ग्राम चक्रगांव में उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि रवीन्द्र पुंडीर, प्रभागीय वनाधिकारी, अपर यमुना वन प्रभाग बड़कोट द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार ने की।

प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार ने स्वयंसेवियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सेवा भावना, समर्पण और नेतृत्व क्षमता को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि रवीन्द्र पुंडीर ने एनएसएस के मूल मंत्र “Not Me, But You” को अपनाने पर जोर देते हुए युवाओं से पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आग्रह किया। उन्होंने वन संरक्षण और सामुदायिक सहयोग के महत्व को रेखांकित किया।
वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. बी.एल. थपलियाल ने कहा कि सफलता केवल मेहनत से नहीं, बल्कि सही दिशा, स्पष्ट लक्ष्य और सुविचारित रणनीति से मिलती है। उन्होंने टीम वर्क और योजनाबद्ध कार्यशैली पर बल दिया।
वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पुष्पेन्द्र सेमवाल ने शिविर की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि सात दिवसीय शिविर में ग्राम सर्वेक्षण, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण गतिविधियाँ, श्रमदान, जन-जागरूकता रैली, स्वास्थ्य एवं सामाजिक विषयों पर संवाद तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पूजा ने स्वयंसेवियों को शिविर की मुख्य शक्ति बताते हुए उन्हें पूर्ण ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर शार्दुल बिष्ट, दीपेन्द्र रावत, यशपाल जयाड़ा, ग्राम प्रतिनिधि सचिन राणा सहित अनेक ग्रामवासी एवं स्वयंसेवी उपस्थित रहे।
#NSS #उत्तरकाशी #चक्रगांव #युवा_शक्ति #राष्ट्र_निर्माण #स्वच्छता_अभियान



