पंचायती राज विभाग एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को “थैंक यू नेचर अभियान” के तहत गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ग्राम झाला में एक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया।अभियान में जिला प्रशासन के सक्रिय सहयोग से खंड विकास अधिकारी के माध्यम से कचरा वाहन और सफाई कर्मियों को गांव भेजा गया। नगर पंचायत के कर्मचारियों ने भी सफाई में भाग लेते हुए एकत्रित प्लास्टिक कचरे को रीसाइक्लिंग सेंटर भेजा।

ग्राम प्रधान अभिषेक रौतेला ने बताया कि “थैंक यू नेचर अभियान” लगातार जनसहभागिता के माध्यम से मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब प्रशासन, पंचायत और जनता एक साथ काम करती है, तो परिवर्तन निश्चित होता है।
रौतेला ने यह भी बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी से ग्राम झाला को “मॉडल विलेज” के रूप में विकसित करने का अनुरोध किया है, जिस पर जिलाधिकारी ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि एक मास्टर प्लान तैयार कर ग्राम झाला को स्वच्छता के क्षेत्र में उदाहरणीय गांव बनाया जाएगा। ग्राम प्रधान अभिषेक रौतेला ने कहा
हमारा लक्ष्य केवल कचरा उठाना नहीं, बल्कि लोगों की सोच बदलना है। जब गांव के लोग अपने परिवेश को धन्यवाद देंगे, तभी प्रकृति भी हमें आशीर्वाद देगी। उन्होंने कहा कि झाला गांव के युवाओं की पहल *थैंक यू नेचर* जनमानस के बीच नजीर बन रहा है।नेचर को स्वच्छ रखकर स्वस्थ जीवन जीना ही *थैंक यू नेचर* का मूल मंत्र है, यही थैंक यू नेचर अभियान का वास्तविक उद्देश्य है।
अभियान में युवक मंगल दल झाला, स्थानीय होटल व्यवसायी एवं ग्रामवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस अभियान को समय-समय पर डीआरएस रिसाइसिंग ऑर्गेनाइजेशन , अतुल्य गंगा और आईडियल जैसी संस्थाओं का भी सहयोग प्राप्त होता रहा है।
जिला प्रशासन के इस समर्थन से “थैंक यू नेचर अभियान” को नई ऊर्जा मिली है। शीघ्र ही ग्राम झाला को एक स्वच्छता मॉडल गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कार्य प्रारंभ किए जाएंगे।



