कोटद्वार के दीपक कुमार और विजय रावत इन दिनों अपने साहस और सामाजिक सरोकारों को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में दोनों ने दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान राहुल गांधी ने दोनों युवाओं की बहादुरी और इंसानियत की सराहना की।
गौरतलब है कि बीते माह कोटद्वार में एक मुस्लिम दुकानदार की मदद के लिए आगे आने के बाद दीपक कुमार और विजय रावत चर्चा में आए थे। जनवरी माह में कुछ संगठनों के कार्यकर्ता दीपक कुमार के जिम तक पहुंच गए थे, जिसके बाद यह मामला व्यापक रूप से सुर्खियों में रहा। देश ही नहीं, विदेशों से भी लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से दोनों के समर्थन में आवाज उठाई। देखते ही देखते दीपक और विजय युवाओं के बीच एक पहचान बन गए।

दीपक कुमार और विजय रावत पहले से ही अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सक्रिय रहे हैं। वे कई बार सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर चुके हैं। उनका कहना है कि वे आगे भी उन बहनों के लिए आवाज उठाते रहेंगे, जिन्हें अब तक न्याय नहीं मिल पाया है।
दोनों युवाओं का कहना है कि उनका उद्देश्य समाज में सद्भाव, न्याय और मानवता की भावना को मजबूत करना है, और वे इसी दिशा में निरंतर प्रयास करते रहेंगे।



