
पौड़ी गढ़वाल, पंचपुरी बैजरो — उत्तराखंड के महान स्वतंत्रता सेनानी और समाज सुधारक, युगपुरुष कर्मवीर जयानंद भारतीय जी की 144वीं जयंती उनकी जन्मस्थली अरकंडाई और आर्य समाज सावली पंचपुरी में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। 17 अक्टूबर 1881 को एक शिल्पकार परिवार में जन्मे जयानंद भारतीय जी ने स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका निभाई और सामाजिक सुधारों की दिशा में कई अहम कदम उठाए। 16 अक्टूबर की पूर्व संध्या पर जयानंद जी की जन्मस्थली अरकंडाई में एक वृहत यज्ञ और सहभोज का आयोजन किया गया। इस आयोजन में उनकी पुत्रवधु मनुली देवी, पौत्र सत्यप्रकाश भारतीय, नरेंद्र भारतीय समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। यज्ञ के बाद सहभोज का आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ों स्थानीय लोग शामिल हुए। यह आयोजन भारतीय जी के योगदानों को याद करने और उनकी शिक्षाओं को आगे बढ़ाने का अवसर बना!

17 अक्टूबर को उनकी 144वीं जयंती का मुख्य कार्यक्रम ध्वजारोहण से शुरू हुआ, जिसे उनकी पुत्रवधु मनुली देवी ने संपन्न किया। इसके बाद एक भव्य प्रभातफेरी निकाली गई, जो अरकंडाई गांव से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए जयानंद भारतीय स्मारक भवन, आर्य समाज पंचपुरी पहुंची। वहां उपस्थित लोगों की भारी भीड़ के बीच आर्य पुरोहितों द्वारा यज्ञ संपन्न कराया गया, जिसके बाद सभी ने ऋषि लंगर में भाग लिया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रोफेसर संजय ऋषिश्वर, निदेशक, महाराजा अग्रसेन हिमालयन गढ़वाल विश्वविद्यालय उपस्थित रहे। इसके साथ ही, जयानंद जी की पुत्रवधु मनुली देवी, एससी/एसटी इम्प्लाइज एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मदन कुमार शिल्पकार, शैलशिल्पी विकास संगठन के अध्यक्ष विकास कुमार आर्य, और कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया | समारोह की शुरुआत में जयानंद भारतीय स्मृति विद्यालय के सहायक अध्यापक विनोद कोहली ने भारतीय जी के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार भारतीय जी ने स्वतंत्रता संग्राम के साथ-साथ सामाजिक सुधारों में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने में सक्षम हैं।
समारोह के दौरान कोटद्वार से आए संस्कार सांस्कृतिक कला मंच के कलाकारों ने उत्तराखंडी लोकगीत, संगीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं, जो उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर गईं। इसके अलावा, स्थानीय महिला मंगल दलों ने भी अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की।
इस मौके पर आर्य समाज पंचपुरी द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को “कर्मवीर जयानंद भारतीय गौरव सम्मान 2024” से सम्मानित किया गया। सम्मानित व्यक्तियों में शैलशिल्पी विकास संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विकास कुमार आर्य, पोखड़ा ब्लॉक प्रमुख प्रीति देवी, खंड शिक्षा अधिकारी वर्षा भारद्वार, और साहित्यकार शिवदयाल शैलेज शामिल थे।समारोह का समापन जयानंद भारतीय जी की प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भारतीय जी की शिक्षाओं और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। समारोह की अध्यक्षता महेशानंद आर्य ने की और संचालन मंत्री जनजीवन राम द्वारा किया गया।
इस समारोह में सत्यप्रकाश भारतीय, नरेंद्र भारतीय, सुशील चंद, सुरेंद्र कंबोज, धीरज सिंह आर्य, जसराम आर्य , बलराम आर्य, सर्वेंद्र कुमार, धनेद्र कुमार, देवचंद, मान सिंह गुसाँई, अजय गुसाँई , बनवारी विमल, राकेश कुमार, वीरेंद्र सिंह, चंदन लाल आदि लोग मौजूद रहे ।



