‘मिशन आरम्भ’ कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों में पूर्व प्राथमिक शिक्षा को सशक्त बनाने पर जोर
नई टिहरी। कलेक्ट्रेट सभागार में बाल विकास विभाग की बैठक आयोजित की गई। जिसमें रॉकेट लर्निंग फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘मिशन आरम्भ’ कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में की गई।
बैठक में ‘मिशन आरम्भ’ कार्यक्रम की वरिष्ठ कार्यक्रम प्रबंधक लता कुमारी एवं जिला समन्वयक उमेश बहुगुणा ने जिलाधिकारी एवं समस्त बाल विकास अधिकारियों के समक्ष विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने अवगत कराया कि जनपद के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पूर्व प्राथमिक शिक्षा के महत्व से जोड़ते हुए प्रारंभिक बाल्यावस्था की मजबूत आधारशिला रखने हेतु खेल-आधारित गतिविधियों को तकनीकी माध्यम से संचालित किया जा रहा है।
उनके द्वारा बताया गया कि कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को रोचक एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों के जरिए सीखने का अवसर मिल रहा है, जिससे उनकी भाषा, गणितीय क्षमता, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास को प्रोत्साहन मिल रहा है। इसके अतिरिक्त सभी आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को ऑफलाइन प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें एक कुशल एवं दक्ष शिक्षक के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे केंद्रों पर बच्चों को पोषण के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा भी उपलब्ध कराई जा सके और उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।



