ऋषिकेश, 10 मई: गंगानगर क्षेत्र में बरसात के मौसम में सीवर लाइन बंद होने से सीवर का पानी लोगों के घरों में घूस जाता है। जिससे लोगों को काफी परेशानियों का काम सामना करना पड़ता है। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए क्षेत्रीय लोगों ने पूर्व पार्षद बृजपाल राणा के नेतृत्व में जल संस्थान सीवर विभाग ऋषिकेश के सहायक अभियंता से मुलाकात की और ज्ञापन सौंप कर बरसात का मौसम शुरू होने से पहले क्षेत्र की सीवर लाइनों की सफाई की मांग की। शुक्रवार को गंगानगर क्षेत्र के लोगों का एक प्रतिनिधिमण्डल पूर्व पार्षद बृजपाल राणा के नेतृत्व में जल संस्थान सीवर विभाग ऋषिकेश के सहायक अभियंता हरीश बंसल मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से पूर्व पार्षद बृजपाल राणा ने अवगत कराया कि बरसात के मौसम में हमेशा गंगानगर क्षेत्र में जलभराव की समस्या बनी रहती है और पानी घरों में घूस जाता है। जिससे क्षेत्रीय लोगों के साथ सी स्कूली बच्चों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। साथ ही सीवर लाइन के चोक होने से सीवर का पानी भी घरों में घूस जाता है। उन्होंने सहायक अभियंता से बरसात से पहले हनुमंतपुरम गली नंबर 1 से लेकर गली नंबर 9 तक, सोमेश्वर मंदिर मार्ग परशुराम चौक से माता चामुंडा मंदिर तक, सागर डेरी से लेकर हनुमंतपुरम मार्ग व गणेश विहार गली नंबर 6 तक सीवर लाइन व सभी चैंबरों की सफाई करने की मांग की है। जिससे लोगों को जलभराव की इस विकट समस्या से निजात मिल सके। जिस पर सहायक अभियंता ने प्रतिनिधिमण्डल को आश्वासन दिया कि जल्द ही गंगानगर, हनुमनतपुरम, सोमेश्वर मंदिर मार्ग की सीवर लाइन व सभी चेंबरों की सफाई के लिए कर्मचारी लगाए जाएंगे। ज्ञापन देने वालों में पूर्व पार्षद नमिता, प्यारेलाल जुगरान, मनोज काला, आशीष कुमार, चंद्रभान आसूजा, रवि भट्ट, पुष्पा पुंडीर, लक्ष्मी रावत निर्मला भट्ट, विमला देवी व चांदनी देवी आदि शामिल थे।



