पुरोला (उत्तरकाशी)। मोरी क्षेत्र पंचायत की बैठक गुरुवार को ब्लॉक प्रमुख रणदेव सिंह राणा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल तथा मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), विद्युत विभाग तथा सिंचाई एवं लघु सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए लापरवाही के आरोप लगाए।
कनिष्ठ प्रमुख कमलेश रावत ने लोक निर्माण विभाग पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए कहा कि मोरी-सांकरी-जखोल मोटर मार्ग के सुधार एवं डामरीकरण के लिए 32 करोड़ 50 लाख 10 हजार रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं और कार्य प्रगति पर है। इसके बावजूद इसी मार्ग पर दैवीय आपदा एवं जिला योजना के तहत 48 लाख रुपये से अधिक की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत किया जाना संदेह उत्पन्न करता है। उन्होंने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
विद्युत विभाग को लेकर भी सदस्यों में आक्रोश देखने को मिला। सांकरी स्थित 33 केवी सबस्टेशन वर्षों से बंद होने पर इसे शीघ्र संचालित करने की मांग उठाई गई। साथ ही गांवों में घरों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइनों को हटाने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
माकुड़ी ग्राम प्रधान मनीषा रावत ने रहधार एवं बड़तुली तोक में लगभग 30-30 परिवारों के निवास के बावजूद अब तक विद्युत लाइन न बिछाए जाने का मुद्दा उठाया। सालरा गांव के प्रधान उमेंद्र आष्टा ने विभागीय अधिकारियों पर फोन कॉल का जवाब न देने का आरोप लगाया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने सभी अधिकारियों को फोन कॉल का तत्परता से जवाब देने के निर्देश दिए।
बैठक में सभी गांवों तक नेटवर्क कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई। खड़साड़ी की प्रधान अमीना रावत ने सिंचाई विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि गड्डूगाड़-खड़साड़ी क्षेत्र में लाल धान की खेती नहरों के क्षतिग्रस्त होने के कारण प्रभावित हो रही है। थली गांव की सिंचाई नहर लंबे समय से खराब पड़ी है, जिसकी शीघ्र मरम्मत की मांग की गई।
कनिष्ठ प्रमुख ने सिंचाई एवं लघु सिंचाई विभाग पर यह भी आरोप लगाया कि जहां सुरक्षा कार्यों की आवश्यकता है, वहां कार्य नहीं किए जाते, जबकि अनावश्यक स्थानों पर प्राक्कलन तैयार किए जाते हैं। वहीं, बैठक में लोक निर्माण, सिंचाई एवं वन विभाग के विभागाध्यक्षों की अनुपस्थिति पर भी जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी व्यक्त की।
इस अवसर पर प्रधान संगठन के अध्यक्ष कैलाश डिमरी सहित कृष्णा राणा, बलबीर राणा, भागचंद, बृजूलाल, सुरेंद्र सिंह, सबिता, मीना, कमला देवी, मनीषा, अंजना, सैन सिंह समेत अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।



